लखनऊ के न्यू ताज होटल में भीषण आग, कई लोगों के अंदर फंसे होने की आशंका

1 min read

लखनऊ के न्यू ताज होटल में भीषण आग, कई लोगों के अंदर फंसे होने की आशंका

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित न्यू ताज होटल में शुक्रवार शाम को आग लग गई

आग की लपटें इतनी विकराल थीं कि काफी दूर तक दिखाई दे रही थीं

ओजस्वी किरण ब्यूरो लखनऊ

लखनऊ।  उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के विभूति खंड थाना क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब न्यू ताज होटल की निर्माणाधीन इमारत के बेसमेंट में भीषण आग लग गई। आग लगते ही कुछ ही मिनटों में लपटों ने विकराल रूप ले लिया और दूर-दूर तक आग की लपटें दिखाई देने लगीं। काले धुएं का घना गुबार पूरे इलाके में फैल गया, जिससे आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन बेसमेंट में लगी आग के कारण उसे बुझाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। निर्माणाधीन बिल्डिंग में बड़ी संख्या में लेबर और मिस्त्री मौजूद बताए जा रहे हैं, जिससे कई लोगों के अंदर फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।

पत्थर काटने का चल रहा था काम

एहतियातन मौके पर कई एंबुलेंस भी तैनात कर दी गई हैं। फिलहाल आग पर काबू पाने के लिए राहत और बचाव कार्य जारी है। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया 3 बजे के करीब पार्किंग एरिया में CNC मशीन से डिजाइनिंग पत्थर काटने का काम चल रहा था। इसी दौरान मशीन में अचानक आग लग गई। मशीन के पास पेंट और प्लास्टिक का सामान रखा हुआ था, जिससे आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। देखते ही देखते पूरे इलाके में घना धुआं फैल गया।

आग लगने के कारणों की जांच जारी

होटल में काम कर रहे मजदूरों ने आग लगते ही आसपास की इमारतों से पानी लाकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। फिलहाल दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं, जो आग पर काबू पाने की कोशिश की जा रही है। तेज धुआं के कारण अंदर घुसने में भारी परेशानी हो रही है। फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों की जांच की जा रही है। फायर विभाग के मुताबिक, दोपहर करीब 3 बजे सूचना मिली कि एक निर्माणाधीन होटल में भीषण आग लग गई। फिलहाल मौके पर दमकल विभाग और स्थानीय पुलिस टीम मौजूद है जो आग पर काबू पाने की कोशिश कर रही है।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours