संदिग्ध परिस्थितियों में मिला अधेड़ व्यक्ति का शव,15 फीट तक दिखे खून के धब्बे
ओजस्वी किरण संवाददाता
प्रयागराज। घूरपुर थाना क्षेत्र स्थित बलापुर मछली मंडी के पास रविवार सुबह करीब 7 बजे एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने हत्या की आशंका जताई है, हालांकि मौत का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। शव को कब्जे में लेकर कई पहलुओं पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। मृतक की पहचान बलापुर निवासी सुरेश चंद्र भारतीया (45 वर्ष) पुत्र स्व. नंद लाल भारतीया के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार सुरेश रोज सुबह करीब 4 बजे टहलने जाते थे। आज भी हर दिन तरह सुबह चार बजे वह घर से टहलने निकले थे। लेकिन काफी समय बीत जाने पर भी वह घर नहीं लौटे। सुबह करीब 7 बजे मछली मंडी के पास गांव के सफाई कर्मी ने सुरेश चंद्र का शव का पड़ा देखा। उन्होंने तत्काल प्रधान पति राजेंद्र कुमार पथिक को सूचना दी। प्रधान पति ने मौके पर जाकर तुरंत पुलिस को घटना के बारे में सूचना दी। जानकारी मिलने पर घुरपुर थाना प्रभारी दिनेश सिंह, एसीपी कौंधियारा अब्दुश सलाम खान पुलिस बल और फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
फोरेंसिक टीम ने मौके पर शव को कब्जे में लेकर जांच की। आस-पास करीब 15 फीट के दायरे में खून के धब्बे देखे गए। हालांकि, मृतक के शरीर पर किसी चोट का निशान नहीं मिला। हत्या का मामला स्पष्ट नहीं होता। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मामले की कई पहलुओं को लेकर जांच की जा रही है।

+ There are no comments
Add yours