पति ने कर ली दूसरी शादी, सूचना पर पहुंची पहली पत्नी पर हमला
पति ने धारदार हथियार से किए ताबड़तोड़ वार, परिवार वालों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा
ओजस्वी किरण ब्यूरों
प्रयागराज। धूमनगंज थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने पहली पत्नी को बिना बताए दूसरी शादी कर ली। पहली पत्नी को इसकी जानकारी हुई तो वह अपने घरवालों के साथ ससुराल पहुंच गई। पहली पत्नी ने शादी का विरोध किया तो पति ने उस पर धारदार हथियार से वार कर दिया।
इसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी। पति के घरवालों ने पत्नी के घरवालों को दौड़ा-दौड़कर पीटा। इस दौरान तीन महिलाएं घायल हो गईं। इनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। मामले में महिला की तहरीर पर पति समेत 6 नामजद व अन्य अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। मारपीट का वीडियो भी सामने आया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नैनी थाना क्षेत्र के एडीए कॉलोनी की रहने वाली सोनिया (26) की शादी 5 साल पहले धूमनगंज थाना क्षेत्र के मुण्डेरा के रहने वाले आशीष भारतीया (30) से हुई थी। आशीष प्राइवेट जॉब करता है। वहीं, सोनिया घर में रहती थी। सोनिया का कहना है-शादी के बाद से ही दहेज को लेकर मुझे प्रताड़ित किया जाने लगा। आए दिन ससुराल वाले मुझे ताने मारते। जैसे-तैसे समय कटता गया और मैंने एक बेटी को जन्म दिया। बेटी हुई तो ससुराल और भड़क गए। इसके बाद मुझे घर से निकाल दिया। पिछले चार साल से मैं मायके में रह रही हूं। ससुराल वालों ने कोई बातचीत नहीं की।
सोनिया ने हाल ही में मुझे जानकारी मिली कि मेरे पति ने दूसरी शादी कर ली है। इसकी जानकारी मैंने अपने घरवालों को दी। इसके बाद मैं अपनी मां और अन्य महिला रिश्तेदारों को लेकर ससुराल पहुंची।
तहरीर के अनुसार सोनिया को देखकर पति की दूसरी पत्नी ने दरवाजा बंद कर लिया। इसके बाद पति को फोन कर बुला लिया। कुछ देर बाद आशीष मौके पर पहुंचा। आशीष मुझे देखते ही भड़क गया। वह गाली-गलौज करने लगा। इसके बाद उसने धारदार हथियार से हमला कर दिया। जब सोनिया की मां और साथ में गईं अन्य महिलाओं ने विरोध किया उनसे भी लड़ने लगा। आशीष और उसके घरवालों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में मां गुड़िया देवी, अंतिमा और पुष्पा घायल हो गईं। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया। वहीं, घायलों को अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में अंतिमा की हालत नाजुक बताई जा रही है।
धूमनगंज थाना प्रभारी राजेश उपाध्याय ने बताया कि आशीष भारतीया, उसके भाई चंदन, गुलशन समेत कई महिलाओं और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इन सभी की तलाश की जा रही है।

+ There are no comments
Add yours