ड्यूटी से लापता युवक का 4 दिन बाद पेड़ से लटकता मिला शव
बाइक की डिग्गी में मिला सुसाइड नोट, लिखा- 57 लाख की मेरी उधारी है
ओजस्वी किरण ब्यूरों
प्रयागराज। कौंधियारा थाना क्षेत्र के रहने वाले राकेश मिश्रा का शव चार दिन बाद नैनी लेप्रोसी चौराहे के पास रेलवे ओवर ब्रिज के समीप पेड़ से लटकता मिला। इसकी सूचना घरवालों को मिली तो, वह मौके पर पहुंचे और शव को फंदे से उतारकर स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय लेकर गए। जहां से मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। इसके पहले घरवालों ने नैनी कोतवाली में तहरीर देकर गुमशुदगी दर्ज कराई थी। जिसके बाद से पुलिस जांच कर रही थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कौंधियारा थाना निवासी राकेश मिश्रा उर्फ गुड्डू 38 वर्ष नैनी स्थित गंगा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड इकाई में सिक्योरिटी कंपनी में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत थे। वह 5 फरवरी को गंगा प्रदूषण बोर्ड ड्यूटी पर पहुंचे थे। जहां उनकी बाईक खड़ी मिली थी। बाइक की डिग्गी में एक सुसाइड नोट मिला था। जिसमें लिखा था कि मैं आत्महत्या करने जा रहा हूं। सुसाइड नोट में 57 लाख रुपए के लेन देन की बात लिखी गई थी। हालांकि राकेश मिश्रा के लापता होने के बाद घरवालों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट नैनी थाने में दर्ज कराई थी।
वहीं नैनी पुलिस ने भी बाइक मिलने के बाद यमुना नदी में गोताखोरों की मदद से काफी खोजबीन की थी। लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका था। वहीं परिजनों का कहना था कि इससे पहले भी एक बार वह गायब हो गए थे और बाद में वापस लौट आए थे। ग्रामीणों को मुताबिक राकेश मिश्रा ने कुछ लोगों से पैसे भी ले रखे थे। जिसकी वजह से वह काफी परेशान चल रहे थे।
नैनी अतिरिक्त इंस्पेक्टर सीपी सिंह ने बताया कि नैनी लेप्रोसी चौराहे के समीप रेलवे ओवरब्रिज के समीप पेड़ से लटकती हुई लाश मिलने की सूचना घर वालों ने दी थी। जब वहां पहुंच गया तो परिजन शव को लेकर स्वरूप रानी अस्पताल जा चुके थे। हालांकि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पूरे मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।

+ There are no comments
Add yours