रेस्टोरेंट में घुसकर मालिक को पीटा, गुंडा टैक्स भी मांगा

1 min read

रेस्टोरेंट में घुसकर मालिक को पीटा, गुंडा टैक्स भी मांगा

ओजस्वी किरण संवाददाता

प्रयागराज। नैनी रेलवे स्टेशन के सामने रेस्टोरेंट में घुसकर मालिक पर थप्पड़ बरसाए। गाली- गलौज की और गुंडा टैक्स भी मांगा। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। फिलहाल पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार राजेश तिवारी नैनी रेलवे स्टेशन के सामने कई वर्षों से रेस्टोरेंट संचालित कर रहा है। राजेश ने आरोप लगाया कि 8 फरवरी की रात करीब 10:35 बजे कुलदीप मिश्रा और अनिल भारतीय अपने 10-12 अज्ञात साथियों के साथ उनके रेस्टोरेंट पर पहुंचे। खाना खाने के बाद जब उन्होंने पैसे मांगे, तो सभी गाली गलौज करने लगे।
राजेश के अनुसार आरोपियों ने पैसे देने के बजाय उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और हाथापाई करने लगे। खुलेआम धमकी दी कि अगर दोबारा पैसे मांगे तो गोली मार देंगे। घटना के दौरान रेस्टोरेंट में मौजूद अन्य लोग दहशत में आ गए।
राजेश का आरोप है कि दबंगों ने उनसे 2000 रुपये प्रति सप्ताह रंगदारी की मांग की। आरोपियों ने साफ शब्दों में कहा कि अगर पैसे नहीं दिए गए तो रेस्टोरेंट नहीं चलने देंगे और जान से मार देंगे। पीड़ित का कहना है कि वह इस घटना के बाद से बेहद परेशान है। आरोपियों ने यह भी धमकी दी कि उसने पुलिस में शिकायत की या रंगदारी देने से इनकार किया, तो उसे झूठे एससी-एसटी एक्ट के मुकदमे में फंसाकर जेल भिजवा देंगे। इस धमकी से पीड़ित और उसका परिवार मानसिक तनाव में है।
रेस्टोरेंट मालिक का कहना है कि पूरी घटना रेस्टोरेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। उसने मामले की लिखित शिकायत नैनी थाने में की है। साथ ही पुलिस को फुटेज भी सौंप दिया है। एसीपी करछना सुनील कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित शिकायत लेकर आया था। मुकदमा दर्ज करने का आदेश दे दिया गया है।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours