कार-बाइक की टक्कर में तीन लोग गंभीर घायल
ओजस्वी किरण ब्यूरों
प्रयागराज। मऊआइमा थाना क्षेत्र के हरिसेनगंज में एक कार और मोटरसाइकिल की जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मऊआइमा भेजा।
बताया जा रहा है कि कार प्रयागराज से प्रतापगढ़ की ओर जा रही थी। कार चालक के पिता का हाल ही में अस्पताल में निधन हो गया था, जिसके बाद वह घर लौट रहा था। हरिसेनगंज पहुंचते ही उसकी कार की बाइक से टक्कर हो गई। मोटरसाइकिल पर सवार मानसिंह और उसका एक साथी भी इस दुर्घटना में घायल हो गए। मानसिंह बनकट इस्माईलगंज का निवासी बताया जा रहा है।
पुलिस ने 108 एम्बुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
मऊआइमा थाना प्रभारी निरीक्षक पंकज अवस्थी ने बताया कि सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

+ There are no comments
Add yours