दरोगा के बेटे का कमरे में फंदे से लटका मिला शव

1 min read

दरोगा के बेटे का कमरे में फंदे से लटका मिला शव

 ओजस्वी किरण संवाददाता

प्रयागराज। लखनऊ स्थित डीजीपी कार्यालय में तैनात दरोगा के बेटे विकास धुरिया (24) का शव शनिवार सुबह फाफामऊ स्थित घर में पंखे से लटका मिला। पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस को तनाव के चलते आत्महत्या करने की आशंका है। हालांकि, परिवार वाले मौत के कारण की वजह नहीं बता सके हैं। फाफामऊ पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार फाफामऊ थाना क्षेत्र के प्रसिद्ध का पूरा साइजिंग गली निवासी राजेश कुमार धुरिया लखनऊ स्थित डीजीपी कार्यालय में दरोगा के पद पर तैनात हैं। वह कार्यालय में स्टेनो हैं। उनका बेटा विकास धुरिया कपड़े की दुकान पर काम करता था। शुक्रवार रात करीब 11 बजे वह खाना खाकर अपने कमरे में सोने चला गया। अगली सुबह उसकी मां घर में साफ-सफाई कर रही थीं। उन्होंने जब विकास के कमरे का दरवाजा खोला तो वह पंखे से बिजली के तार के सहारे लटका हुआ था। इस पर वह शोर मचाने लगी। शाेर सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए। मौके पर पुलिस पहुंची और शव को पोस्टमार्टम हाउस ले गई। विकास तीन भाई व दो बहनों में दूसरे नंबर पर था। पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। घटना के बाद से विकास की मां समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है।

पुलिस को दिए बयान में परिजनों ने बताया कि विकास रात में बिल्कुल ठीक था। रोजाना की तरह वह शुक्रवार रात खाना खाकर अपने कमरे में सोने चला गया, लेकिन रात में न जाने ऐसा क्या हुआ कि सुबह वह पंखे से लटका मिला। वहीं, पुलिस विकास के मोबाइल फोन की जांच कर रही है। फाफामऊ थाना प्रभारी अश्वनी कुमार सिंह ने बताया कि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, मौत के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours