फर्जी दस्तावेज से जमीन का बैनामा कराया, 7 लोगों पर मुकदमा दर्ज

1 min read

फर्जी दस्तावेज से जमीन का बैनामा कराया, 7 लोगों पर मुकदमा दर्ज

 ओजस्वी किरण ब्यूरों

प्रयागराज। सोरांव थाना क्षेत्र में फर्जी दस्तावेज तैयार कर एक जमीन का बैनामा कराने का मामला सामने आया है। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर सोरांव पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों पर पीड़ित को बाउंस चेक देने और गवाही के लिए दबाव बनाने का भी आरोप है। यह घटना दो साल पुरानी 2 फरवरी 2024 की बताई जा रही है, जिस पर जांच के बाद 24 फरवरी 2026 को सोरांव थाने में एफआईआर दर्ज की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मोहम्मदपुर नौगवां निवासी मो. वसीम पुत्र मो. शमीम ने पुलिस आयुक्त को दी शिकायत में बताया कि राजापुर मल्हुआ में उसकी एक कीमती जमीन है। वसीम का आरोप है कि मो. ताज, आशीष नाथ उर्फ अंकुर मास्टर, सोनू यादव, राधेश्याम यादव, गणेश मिश्र और बच्चा यादव ने राजापुर मल्हुआ निवासी अखिलेश धर द्विवेदी के क्लिनिक पर उससे मुलाकात की। अखिलेश समेत सभी आरोपियों ने उसकी जमीन खरीदने की इच्छा जताई थी।

वसीम के अनुसार, आरोपियों ने एक लाख रुपये नकद और दो चेक देकर जमीन का एग्रीमेंट कराया था। इसके बाद बैनामा कराने के लिए वे बीमारी सहित विभिन्न बहाने बनाते रहे। इसी दौरान वसीम बीमार होकर अस्पताल में भर्ती हो गया। आरोप है कि इस अवधि में आरोपियों ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर उसकी जमीन का बैनामा अपने नाम करा लिया।

जब वसीम को इस धोखाधड़ी का पता चला, तो उसने आरोपियों से अपने पैसे वापस मांगे। आरोप है कि आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। सोरांव पुलिस द्वारा कार्रवाई न किए जाने पर वसीम ने पुलिस आयुक्त से शिकायत की। पुलिस आयुक्त ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सोरांव पुलिस को आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का निर्देश दिया।

पुलिस ने मो. ताज, आशीष नाथ उर्फ अंकुर मास्टर, सोनू यादव, राधेश्याम यादव, गणेश मिश्र, बच्चा यादव और अखिलेशधर द्विवेदी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अब आरोपियों की तलाश में जुट गई है। इस संबंध में सोरांव थाना प्रभारी निरीक्षक केशव वर्मा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्यवाही की जा रही है।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours