हादसा करने वाली बस न पकड़े जाने पर भड़के परिजन घरवालों ने घेरा थाना, एक दिन पहले हादसे में हुई थी छात्र की मौत, पुलिस ने 24 घंटे मांगे
ओजस्वी किरण संवाददाता
प्रयागराज। पूरामुफ्ती थाने के सामने एक दिन पहले बस से रौंदे गए प्रतियोगी छात्र पवन पटेल के परिवारवालों ने बृहस्पतिवार को थाना घेर लिया। वह बस और उसके ड्राइवर के 24 घंटे बाद भी न पकड़े जाने से नाराज थे। उन्होंने धरने पर बैठने की चेतावनी भी दी। इस पर थानाध्यक्ष ने उनसे 24 घंटे का वक्त मांगा। आश्वासन दिया कि 24 घंटे में ड्राइवर गिरफ्तार किया जाएगा। तब जाकर परिजन शांत हुए।
कौशाम्बी के संदीपनघाट के गौसपुर गांव के रहने वाले परिवार के लोग दोपहर में पूरामुफ्ती थाने पहुंचे। इनमें मृतक की बहनें व घर के अन्य लोग शामिल थे। उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों से पूछा कि 24 घंटे बीत चुके हैं और इस मामले में अब तक क्या कार्रवाई हुई। पुलिस ने बताया कि बस को ट्रेस कर लिया गया है और उसके चालक का पता लगाया जा रहा है। इस पर परिजन भड़क उठे। उनका कहना था कि 24 घंटे का वक्त बीतने के बाद भी बस और ड्राइवर का न पकड़ा जाना सरासर लापरवाही है। उन्होंने चेतावनी दी कि वह थाने के बाहर ही रोड जामकर धरने पर बैठेंगे। इस पर पुलिस के हाथ-पांव फूल गए।
इसके बाद पुलिस ने आश्वासन दिया कि 24 घंटे के भीतर चालक और बस पुलिस के कब्जे में होंगे। तब जाकर करीब आधे घंटे बाद परिवारवाले वहां से वापस गए। थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि बस ट्रेस कर ली गई है। उसके ड्राइवर का पता लगाया जा रहा है।
यह हादसा बुधवार दोपहर 2:10 मिनट पर हुआ था। इस दौरान साइकिल से कोचिंग पढ़ने जा रहे 19 साल के पवन पटेल को तेज रफ्तार बस ने कुचल दिया था। घटना पूरामुफ्ती थाने के 500 मीटर आगे कानपुर- प्रयागराज हाईवे पर हुआ था।
मृतक के पिता गया प्रसाद पटेल टेलर हैं। छात्र 6 भाई बहनों में पांचवें नंबर पर था। वह यूजीसी नेट की तैयारी कर रहा था। वॉलीबॉल का खिलाड़ी भी था। हादसे से आक्रोशित परिजनों ने कुछ देर के लिए हाईवे जाम भी कर दिया था।

+ There are no comments
Add yours