वियना में महाकुंभ 2025 की गूंज, लगाई गई फोटो प्रदर्शनी, राजदूत ने किया अवलोकन
ओजस्वी किरण ब्यूरो
वियना, ऑस्ट्रिया। महाकुंभ 2025 के भव्य आयोजन की गूंज अभी भी भारत के बाहर सुनाई पड़ रही है। ऑस्ट्रिया की राजधानी वियना के मीडलिंग जिले में फोटो सोसायटी की तरफ से महाकुंभ 2025 को लेकर एक फोटो प्रदर्शनी लगाई गई। वियना में भारत के राजदूत शंभू एस कुमारन ने इस फोटो प्रदर्शनी का दौरा किया। प्रदर्शनी में लगभग 50 तस्वीरें प्रदर्शित की गई हैं, जिनमें महाकुंभ के विविध आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक आयामों को दर्शाया गया है। गौरतलब है कि फोटो सोसाइटी के सदस्यों ने पिछले वर्ष प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ मेले में भाग लिया था और इस दौरान अपने अनुभवों को उन्होंने अपने कैमरे में कैद किया था। प्रदर्शनी में संगम स्नान, साधु-संतों की झलक, श्रद्धालुओं की आस्था और मेले की भव्यता से जुड़ी तस्वीरें विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। इस कार्यक्रम में मीडलिंग जिले के जिला महापौर इंजीनियर विल्फ्रेड ज़ैंकल तथा लोक शिक्षा विद्यालय के निदेशक वाल्टर शूस्टर भी उपस्थित रहे। अतिथियों ने प्रदर्शनी की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन भारत और ऑस्ट्रिया के बीच सांस्कृतिक संबंधों को और प्रगाढ़ बनाते हैं।
“प्रयागराज महाकुंभ की स्मृतियों की ऑस्ट्रिया में फोटो प्रदर्शनी का आयोजन महाकुंभ आए वहीं के लोगों द्वारा किया गया है। यह महाकुंभ की भव्यता के साथ सनातन की वसुधैव कुटुंब की मूल भावना को दर्शाता है । देश के बाहर भी इसकी सराहना भारतीय संस्कृति के इसी विचार की अभिव्यक्ति है।” ऋषि राज.. मेला अधिकारी , प्रयागराज

+ There are no comments
Add yours