अंतिम मतदाता सूची जारी, अब कुल 38 लाख शामिल,49 हजार नए युवा मतदाता जुड़े, जेंडर रेशियो में हुआ सुधार
ओजस्वी किरण ब्यूरों
प्रयागराज। प्रयागराज में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन आज (10 अप्रैल) कर दिया गया है। यह सूची 1 जनवरी 2026 को आधार तिथि मानकर विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत तैयार की गई है। जारी आंकड़ों के अनुसार जिले में अब कुल 38,65,975 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 21,19,258 पुरुष, 17,46,389 महिला और 328 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। जिले में अब कुल 38,65,975 मतदाता दर्ज हैं।
इस बार मतदाता सूची में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पहले कुल मतदाताओं की संख्या 35,36,555 थी, जो अब बढ़कर 38,65,975 हो गई है। यानी कुल 32,942 नए मतदाता जुड़े हैं। हालांकि प्रेस विज्ञप्ति में कटे हुए मतदाताओं की सटीक संख्या नहीं बताई गई है, लेकिन पुनरीक्षण के दौरान मृत, स्थानांतरित और डुप्लीकेट नामों को हटाया भी गया है। इसके बावजूद कुल संख्या बढ़ना इस बात का संकेत है कि नए जुड़ने वाले मतदाता ज्यादा हैं।
आंकड़ों के अनुसार युवा मतदाताओं की भागीदारी भी बढ़ी है। जिले में 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के 49,119 नए मतदाता शामिल हुए हैं। वहीं 85 वर्ष से अधिक उम्र के 15,360 वरिष्ठ मतदाता और 32,546 दिव्यांग मतदाता भी सूची में दर्ज हैं। जेंडर रेशियो में भी सुधार हुआ है, जो पहले 804 था और अब बढ़कर 824 हो गया है, यानी महिलाओं की भागीदारी में इजाफा हुआ है।
विधानसभा वार आंकड़ों पर नजर डालें तो इलाहाबाद पश्चिम में सबसे ज्यादा 3,67,256 मतदाता हैं, जबकि इलाहाबाद उत्तर में सबसे कम 2,82,901 मतदाता दर्ज किए गए हैं। इसके अलावा फाफामऊ, सोरांव, फूलपुर, प्रतापपुर, हंडिया, मेजा, करछना, इलाहाबाद दक्षिण, बारा और कोरांव क्षेत्रों में भी लाखों की संख्या में मतदाता पंजीकृत हैं।

+ There are no comments
Add yours