18 दिन पहले हुए गोलीकांड के घायल युवक की मौत
ओजस्वी किरण ब्यूरों
प्रयागराज। कौंधियारा थाना क्षेत्र के देवरा डांडी गांव में 18 दिन पहले हुए गोलीकांड में घायल धर्मराज आदिवासी की इलाज के दौरान मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मामूली कहासुनी के बाद विवाद ने हिंसक रूप ले लिया था और दबंगों ने युवक को गोली मार दी थी। शुक्रवार देर शाम जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान धर्मराज आदिवासी (30 वर्ष) पुत्र रिबई आदिवासी के रूप में हुई है। घटना के दिन मंगलवार की शाम करीब 6:30 बजे धर्मराज का गांव के कुछ लोगों से मामूली बात पर विवाद हो गया था। पहले कहासुनी हुई, लेकिन बाद में आरोपियों ने आक्रोश में आकर उस पर गोली चला दी, जो उसकी कमर में लगी और वह मौके पर ही गिरकर तड़पने लगा। घटना के बाद ग्रामीणों ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कौंधियारा पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि गोली उसके शरीर में फंसी रह गई थी, जिससे उसकी स्थिति लगातार नाजुक बनी रही।
करीब 18 दिनों तक जिंदगी और मौत से संघर्ष करने के बाद शुक्रवार देर शाम उसकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि गांव में तनाव और आक्रोश का माहौल है।
इस मामले में आरोपी अतुल सिंह और शुभम सिंह सहित एक अन्य अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज है। वारदात के बाद से सभी आरोपी फरार हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है और संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

+ There are no comments
Add yours