एसबीआई की जंघई शाखा में लगी भीषण आग,बाइक समेत बैंक में रखे उपकरण जले

1 min read

एसबीआई की जंघई शाखा में लगी भीषण आग,बाइक समेत बैंक में रखे उपकरण जले

ओजस्वी किरण ब्यूरों 

प्रयागराज। सराय ममरेज थाना क्षेत्र के जंघई बाजार स्थित भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की शाखा में शनिवार भोर में भीषण आग लग गई। इसमें बैंक के भीतर खड़ी एक बाइक समेत कंप्यूटर सिस्टम, फर्नीचर और महत्वपूर्ण दस्तावेज जलकर राख हो गए। गनीमत रही कि समय रहते भवन स्वामी की नींद खुल गई, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया। फायर ब्रिगेड ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

जिस भवन में एसबीआई की शाखा स्थित है, उसकी दूसरी मंजिल पर मकान मालिक धर्मेंद्र उर्फ कल्लू जायसवाल अपने परिवार के साथ रहते हैं। शनिवार सुबह करीब चार बजे बैंक के भीतर आग लग गई। धीरे-धीरे धुएं ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। सुबह पांच बजे जब धर्मेंद्र की नींद खुली तो उन्हें सांस लेने में तकलीफ होने लगी। नीचे आकर देखा तो बैंक के अंदर से आग की लपटें उठ रही थीं।

उन्होंने शोर मचाया तो आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग जुट गए। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और तत्काल सराय ममरेज पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना दी। 

सूचना मिलने पर जंघई चौकी प्रभारी, शरद सिंह, थानाध्यक्ष सरायममरेज अतुल कुमार मिश्रा और फायर ब्रिगेड की टीम सुबह छह बजे मौके पर पहुंची। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक बैंक का अंदरूनी हिस्सा पूरी तरह जल चुका था। बैंक में खड़ी एक बाइक और डिजिटल सिस्टम पूरी तरह नष्ट हो गया था। अग्निशमन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि आग किन कारणों से लगी, अभी यह स्पष्ट नहीं है। आशंका है कि शार्ट सर्किट से घटना हुई है।

शनिवार को बैंक बंद होने के कारण शाखा प्रबंधक जगदीश सिंह अपने घर पर थे। हालांकि घटना के बाद अन्य बैंक कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। शाखा प्रबंधक को सूचना दी गई है। उनके आने और जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि बैंक के लाकर या कैश को कितना नुकसान पहुंचा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours