7 मई से जनगणना का पहला चरण, लोग 21 मई तक ऑनलाइन कर सकेंगे स्वगणना, फिर आएंगे कर्मचारी : डीएम

1 min read

7 मई से जनगणना का पहला चरण, लोग 21 मई तक ऑनलाइन कर सकेंगे स्वगणना, फिर आएंगे कर्मचारी : डीएम

 ओजस्वी किरण संवाददाता 

प्रयागराज। प्रयागराज में जनगणना 2026 के पहले चरण की शुरुआत 7 मई यानी कल से होने जा रही है। इस चरण में स्वगणना की सुविधा दी गई है, जिसके तहत लोग घर बैठे ऑनलाइन माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। जिला अधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने बताया कि यह प्रक्रिया 7 मई से 21 मई तक चलेगी।

डीएम के अनुसार स्वगणना के लिए परिवार का मुखिया जनगणना पोर्टल पर जाकर अपना पंजीकरण कर सकता है। इसके लिए सबसे पहले मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा, जिस पर ओटीपी प्राप्त होगी। ओटीपी सत्यापन के बाद व्यक्ति पोर्टल से जुड़ जाएगा और पूछे गए सभी सवालों के जवाब ऑनलाइन ही भरने होंगे। पोर्टल पर हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं का विकल्प उपलब्ध रहेगा, जिससे लोग अपनी सुविधा के अनुसार जानकारी भर सकेंगे। उन्होंने बताया कि जिन लोगों द्वारा स्वगणना पूरी कर ली जाएगी, उनके डेटा का सत्यापन 22 मई से शुरू होने वाले दूसरे चरण में किया जाएगा। इस दौरान जनगणना कार्मिक और सुपरवाइजर घर-घर जाकर जानकारी की पुष्टि करेंगे। वहीं, जो लोग स्वगणना नहीं कर पाएंगे, उनके घर जाकर जनगणना कर्मी ही ऑनलाइन विवरण दर्ज करेंगे।

डीएम ने बताया कि जनगणना की पूरी प्रक्रिया दो चरणों में आयोजित की जा रही है। पहले चरण में मकानों का चिन्हीकरण, परिवार के मुखिया का नाम और परिवार के सदस्यों की संख्या दर्ज की जाएगी। यह कार्य मई और जून माह में पूरा किया जाएगा।

दूसरे चरण की जनगणना अगले वर्ष फरवरी में प्रस्तावित है, जिसमें परिवार के सभी सदस्यों की विस्तृत जानकारी एकत्र की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे स्वगणना की सुविधा का अधिक से अधिक उपयोग करें, ताकि जनगणना प्रक्रिया को सरल और तेज बनाया जा सके।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours