जनसेवा और चिकित्सा सेवा के लिए डॉ. संतोष सिंह को जनप्रतिनिधियों ने किया सम्मानित, कहा क्षेत्र के मरीजों को मिल रहा लाभ
ओजस्वी किरण ब्यूरों
प्रयागराज/कोरांव। चिकित्सा सेवा, स्वास्थ्य जागरूकता और सामाजिक सरोकारों में सक्रिय भूमिका निभाने वाले डॉ. संतोष सिंह, नोडल प्रोटोकॉल एवं मीडिया इंचार्ज, स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय (एसआरएन), प्रयागराज को उनके जनहित कार्यों के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा सम्मानित किया गया है। नगर पंचायत कोरांव के अध्यक्ष ओम प्रकाश केशरी एवं कोरांव विधानसभा क्षेत्र के विधायक राजमणि कोल ने अलग-अलग प्रशस्ति पत्र जारी कर उनके कार्यों की सराहना की।
प्रशस्ति पत्रों में कहा गया कि डॉ. संतोष सिंह के प्रयासों से कोरांव क्षेत्र के मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं तथा सामाजिक स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा मिला है। जनप्रतिनिधियों ने माना कि उनकी समर्पित सेवाओं का लाभ ग्रामीण एवं पिछड़े क्षेत्रों तक पहुंच रहा है और यह कार्य समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।
डॉ. संतोष सिंह वर्तमान में मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज, प्रयागराज के सर्जरी विभाग में सहायक आचार्य के रूप में कार्यरत हैं तथा चिकित्सा सेवा के साथ-साथ प्रशासनिक, शैक्षणिक और सामाजिक दायित्वों का निर्वहन भी कर रहे हैं। उन्हें विभिन्न सरकारी एवं संस्थागत जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जिनमें नोडल अधिकारी, मीडिया प्रभारी, छात्रावास प्रशासन और निगरानी समितियों में सहभागिता शामिल है।
जानकारी के अनुसार, वर्ष 2015 से निरंतर चिकित्सा, प्रशिक्षण और सामाजिक कार्यों से जुड़े डॉ. संतोष सिंह ने हाल के वर्षों में हजारों मरीजों का उपचार किया है और सैकड़ों शल्य क्रियाएं संपन्न की हैं। चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में उनके निर्देशन में शोध कार्य पूरे हुए हैं तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय शोध पत्र भी प्रकाशित हुए हैं।
सामाजिक क्षेत्र में भी वे सक्रिय रहे हैं। सेवा गतिविधियों के अंतर्गत स्वास्थ्य शिविरों के आयोजन, दूरदराज क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं और वंचित वर्गों तक चिकित्सा पहुंचाने के प्रयासों का उल्लेख किया गया है।
नगर पंचायत कोरांव अध्यक्ष ओम प्रकाश केशरी ने अपने संदेश में कहा कि डॉ. संतोष सिंह की सेवाओं से क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही हैं तथा स्वास्थ्य जागरूकता में महत्वपूर्ण योगदान हुआ है। वहीं विधायक राजमणि कोल ने भी उनके कार्यों की सराहना करते हुए जनहित में उनकी भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
स्थानीय लोगों का मानना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं की पहुंच बढ़ाने और स्वास्थ्य जागरूकता को मजबूत करने में ऐसे प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

+ There are no comments
Add yours