मारपीट को लेकर डॉक्टर और वकील आमने-सामने,ओपीडी बंदकर डॉक्टर हड़ताल पर गए, वकीलों के प्रदर्शन से हाईवे पर जाम लग रहा

1 min read

मारपीट को लेकर डॉक्टर और वकील आमने-सामने,ओपीडी बंदकर डॉक्टर हड़ताल पर गए, वकीलों के प्रदर्शन से हाईवे पर जाम लग रहा

ओजस्वी किरण संवाददाता

प्रयागराज। प्रयागराज में डॉक्टरों और वकीलों के बीच मारपीट का मामला तूल पकड़ रहा है। दोनों ही पक्ष अपनी-अपनी मांगों को लेकर अड़े हुए हैं। वकील एकलव्य चौराहे पर टेंट लगाकर धरने पर बैठे हैं। वहीं एसआरएन अस्पताल के डॉक्टरों ने ओपीडी बंद कर हड़ताल पर चले गए हैं। इस हंगामे के बाद बुधवार दोपहर बाद अस्पताल के डॉक्टरों ने ठप स्वास्थ्य सेवाएं बहाल कर दी थीं, लेकिन रात में वकीलों की तरफ से अज्ञात डॉक्टरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के बाद चिकित्सक फिर से भड़क उठे।

डॉक्टरों की हड़ताल के कारण गंभीर मरीजों को परेशानी हो रही है। वकीलों के धरना के कारण हाईवे पर जाम लग रहा है। एंबुलेंस भी जाम में फंसी दिखी। वहीं जूनियर डॉक्टरों के समर्थन में सभी सीनियर्स डॉक्टर भी आ गए हैं।

ज्ञात हो कि बुधवार सुबह एक घायल महिला अधिवक्ता अस्पताल पहुंची थी। इलाज के दौरान डॉक्टरों और वकीलों में कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ा तो दोनों पक्षों में मारपीट हुई। अस्पताल में तोड़फोड़ की गई। मारपीट के विरोध में डॉक्टर हड़ताल पर चले गए। वहीं वकील आरोपी डॉक्टरों पर कार्रवाई की मांग को लेकर धरने पर बैठे हैं।

वकीलों के धरना प्रदर्शन के कारण पुलिस ने कानपुर हाईवे से हाईकोर्ट आने वाले पुल को बंद कर दिया है। भारी वाहनों की एंट्री बैन है। छोटे वाहनों को चौफटका, लूकरगंज और पानीटंकी के रास्ते सिविल लाइंस भेजा जा रहा है।

इस भारी दबाव के कारण नवाब यूसुफ रोड समेत पूरे सिविल लाइंस इलाके में गाड़ियां रेंग रही हैं।

वहीं, जूनियर डॉक्टर भी अपनी मांगों को लेकर दूसरे दिन हड़ताल पर डटे रहे। हड़ताल का असर अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं पर भी दिखाई दिया। मरीजों और तीमारदारों को इलाज के लिए परेशान होना पड़ा। हर दिन अस्पताल में 3 हजार मरीजों का ओपीडी में रजिस्ट्रेशन होता है, लेकिन ओपीडी बंद होने से मरीज लौट रहे हैं। अस्पताल और मेडिकल कॉलेज परिसर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पूरे परिसर को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करते हुए हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours