फांसी के फंदे से लटक कर महिला ने दे दी जान,मायके पक्ष ने लगाया दहेज हत्या का आरोप
ओजस्वी किरण संवाददाता
हंडिया प्रयागराज सराय ममरेज थाना क्षेत्र के हरिपुर मर्रो गांव में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका रिहाना बानो (38) को शनिवार सुबह 7 बजे उनके कमरे में पंखे से लटका हुआ पाया गया। मृतका के पति मोहम्मद इमरान मुंबई में ओला कैब चलाते हैं और पिछले 7 महीने से गांव में थे। उनके पिता शौकत अली बीड़ी बनाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। जब रिहाना देर तक कमरे से बाहर नहीं आईं, तो उनकी सास अलीमुन बानो ने खिड़की से देखा। इसके बाद आसपास के लोग इकट्ठा हुए और पुलिस को सूचना दी गई। थाना अध्यक्ष योगेश प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
परिवार ने बताया कि रिहाना के तीन गर्भधारण में सभी बच्चे मृत पैदा हुए थे। कुछ महीने पहले भी उन्होंने एक मृत बच्चे को जन्म दिया था।मृतका के चाचा मोहम्मद अली ने सास, ससुर, पति और ननद के खिलाफ दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए लिखित शिकायत दर्ज कराई है। मायके पक्ष के लोगों ने मौके पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया, जिसे पुलिस ने शांत कराया।
थाना अध्यक्ष योगेश प्रताप सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

+ There are no comments
Add yours