औचक निरीक्षण में प्रभारी, डॉक्टर नदारद, सीएमओ ने रोका वेतन
ओजस्वी किरण ब्यूरों
प्रयागराज। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण कुमार तिवारी और उप जिला स्वास्थ्य शिक्षा एवं सूचना अधिकारी अरविंद गुप्ता ने रविवार को मऊआइमा के धरौता और सोरांव के बिगहिंया स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) में आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान स्वास्थ्य व्यवस्थाओं में कई खामियां उजागर हुईं।निरीक्षण के दौरान बिगहिंया पीएचसी के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. शमी अहमद बिना किसी सूचना के अनुपस्थित मिले, जिस पर कड़ी नाराजगी जताते हुए सीएमओ ने एक दिन का वेतन रोकने का निर्देश दिया। केंद्र पर फार्मासिस्ट के भी गायब होने के कारण स्टॉक रजिस्टर उपलब्ध नहीं हो सका। वहीं, रजिस्टर की जांच में मंत्रा आईईडी और 12 मार्च को हुए प्रसव का रिकॉर्ड दर्ज न होने पर एएनएम रिंकू देवी को कड़ी चेतावनी दी गई।इसके बाद सीएमओ धरौता पीएचसी पहुंचे, जहां आयुष फार्मासिस्ट जयप्रकाश अनुपस्थित पाए गए। अवकाश की सत्यता जांचने के लिए मानव संपदा पोर्टल से मिलान करने के लिए सीएमओ ने निर्देश दिए। लैब में गंदगी देख सीएमओ ने कर्मचारियों को फटकार लगाई और साफ-सफाई सुनिश्चित करने की हिदायत दी।

+ There are no comments
Add yours