छः साल के छात्र का दादा के सामने ही अपहरण, रास्ता पूछकर कार सवार उठा ले गए मासूम
ओजस्वी किरण ब्यूरों
प्रयागराज। मांडा थाना क्षेत्र के दिघिया चौकी अंतर्गत सराय कला गांव में शनिवार को दिनदहाड़े हुई अपहरण की सनसनीखेज वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। स्कूल वैन से उतरकर दादा की उंगली पकड़कर घर लौट रहे छह वर्षीय मासूम को कार सवार बदमाश कुछ सेकेंड में उठाकर फरार हो गए। घर से महज कुछ मीटर दूर हुई वारदात से परिजनों के साथ ही पूरे गांव में दहशत फैल गई। मांडा थाना पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। बदमाशों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सराय कला गांव निवासी ओम प्रकाश शर्मा मुंबई में प्राइवेट नौकरी करते हैं। घर पर पत्नी आरती देवी, बेटा प्रतीत, एक बेटी और पिता नागेश्वर रहते हैं। छह वर्षीय प्रतीक शर्मा गुलाब पत्ती इंटर कॉलेज अकोढ़ा कला में एलकेजी का छात्र है। वह शनिवार को स्कूली वैन से उतरने के बाद वह अपने दादा 65 वर्षीय नागेश्वर शर्मा के साथ घर लौट रहा था। घर से करीब 30 मीटर पहले दिघिया की तरफ से एक कार आकर रुकी।
कार से उतरे एक बदमाश ने बुजुर्ग नागेश्वर शर्मा से जेवनिया गांव का रास्ता पूछा। नागेश्वर रास्ता बताने लगे तभी दूसरा बदमाश तेजी से आगे बढ़ा और मासूम प्रतीक को उठाकर जबरन कार में डाल लिया। इससे पहले कि नागेश्वर कुछ समझ पाते, बदमाश बच्चे को लेकर कार से फरार हो गए।
प्रतीक के अपहरण से मां आरती देवी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दिनदहाड़े हुई वारदात की सूचना पर एसीपी मेजा संत प्रसाद उपाध्याय, मांडा थाना प्रभारी अनिल वर्मा और दिघिया चौकी की पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर पड़ताल की।
डीसीपी यमुनानगर विवेक चंद्र यादव ने बताया कि बच्चे के सकुशल बरामद करने और आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस टीमें गठित कर दी गई है। पुलिस परिजनों व ग्रामीणों से पूछताछ के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

+ There are no comments
Add yours