सुबह-शाम ठंड से वायरल एवं खांसी-जुकाम की चपेट में आ रहे लोग : डा. सुजीत वर्मा
मौसम में बदलाव की वजह से कई दिनों तक ठीक नहीं हो रही मौसम संबंधी बीमारी
ओजस्वी किरण ब्यूरों
प्रयागराज। बादलों की उमड़-घुमड़ एवं असमय बारिश के चलते इन दिनों मौसम बार-बार करवट बदल रहा है। अप्रैल के दूसरे सप्ताह में सूरज की तपिश एवं भीषण गर्मी महसूस होती है। इस बार अप्रैल के दूसरे सप्ताह में नजारा बिल्कुल बदला हुआ है इन दिनों मौसम का आलम यह है कि अप्रैल के महीने में लोगों को फरवरी के अंतिम सप्ताह जैसी ठंडक सुबह-शाम महसूस हो रही है। मौसम के उतार-चढ़ाव के चलते जनजीवन के साथ-साथ सेहत पर भी असर डाल रहा है। इसकी वजह से लोग वायरल बुखार, खांसी एवं जुकाम की चपेट में आ रहे हैं। अस्पतालों में पहुंच रहे अधिकांश मरीज सीने में कफ की जकड़न, ब्लड प्रेशर, गले एवं फेफड़े में संक्रमण, खांसी के मरीजों की भरमार है। एसआरएन अस्पताल के फिजिशियन डा. सुजीत वर्मा ने बताया कि खांसी, जुकाम एवं गले में दर्द वाले मरीज इन दिनों अधिक आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि मौसम में बदलाव की वजह से भी वायरल बुखार एवं जुकाम कई दिनों तक ठीक नहीं हो रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार इस मौसम में शरीर को बाहरी तापमान के अनुसार ढलने का समय दें। धूप में आते ही तुरंत ठंडी चीजे खाने से बचे एवं कमरे के तापमान को बहुत कम न रखें। यदि सर्दी-जुकाम के लक्षण दिखें तो गुनगुने पानी का सेवन करें और तुरंत डाक्टरों से सलाह लें।
आइसक्रीम, कोल्ड ड्रिंक्स एवं फ्रिज का पानी बिगाड़ रहा सेहत
पिछले कुछ दिनों से मौसम में आ रहे अचानक उतार-चढ़ाव ने लोगों की सेहत बिगाड़ दी है। बार-बार बदलते मौसम के चलते इन दिनों सुबह -शाम हल्की ठंडक के साथ ही दोपहर में तेज धूप महसूस हो रही है। उतार-चढ़ाव भरे मौसम में लोग तेज धूप से सीधे संपर्क में आने के बाद आइसक्रीम एवं कोल्ड ड्रिंक्स एवं फ्रिज का ठंडा पानी सेवन कर रहे हैं। जिसके कारण शरीर के तापमान के संतुलन को बिगाड़ रहा है।

+ There are no comments
Add yours