इरफान गद्दी हत्याकांड में दो गिरफ्तार, मोटरसाइकिल बरामद

1 min read

इरफान गद्दी हत्याकांड में दो गिरफ्तार, मोटरसाइकिल बरामद

ओजस्वी किरण ब्यूरों 

प्रयागराज। करेली में माफिया अशरफ के गनर रहे प्रॉपर्टी डीलर इरफान की सरेशाम गोली मारकर हत्या मामले में रेकी करने वाले मो. हुसैन उर्फ प्लम्बर और एक अन्य मो. वसीम को गिरफ्तार कर जेल भेजते हुए पुलिस ने मामले के खुलासे का दावा किया है। पुलिस ने घटना से प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार मो. हुसैन ने ही रेकी की थी और उसने ही आसिफ दुर्रानी को व्हाट्सएप कॉल से खबर की थी कि इरफान चाय की दुकान पर बैठा है। इसके बाद ही दुर्रानी ने अपने भाई राशिद, दिलशाद उर्फ साफान और वसीम ने वारदात अंजाम दी। हुसैन व वसीम दोनों करेली के ही रहने वाले हैं।
पुलिस की पूछताछ में दोनों ने यह भी बताया कि इस घटना में कुल छह लोग शामिल थे। इनमें से दो ने वारदात को अंजाम दिया। जबकि घटनास्थल से कुछ दूर पर आसिफ और वसीम दूसरी बाइक पर मौजूद रहे। उधर आसिफ का भाई राशिद और रेकी करने वाला हुसैन साजिश में शामिल रहे। फिलहाल अब तक गोली मारने वाले दो बदमाश हाथ नहीं आए हैं। दोनों कहां के हैं, इस बारे में भी हुसैन व वसीम कुछ बता नहीं पाए हैं। हुसैन ने पुलिस को बताया है कि उसे सिर्फ रेकी करने को कहा गया था। जबकि वसीम ने बताया है कि उसे आसिफ यह कहकर साथ ले गया था कि बड़ा काम करना है।
पूछताछ में दोनों ने यह भी बताया कि वारदात को अंजाम देने के बाद चारों लोग दो बाइकों से एक साथ लौटे। एक बाइक खुद दुर्रानी चला रहा था और वसीम पीछे बैठा था। जबकि दूसरी बाइक पर दो शूटर थे। यही वजह रही कि लौटते वक्त चारों साथ नजर आए।
पूछताछ में यह भी साफ हो गया कि जिन दो शूटरों ने गोली चलाई, उन्होंने ही अपने चेहरे भी ढक रखे थे। एक ने अपने चेहरे पर मफलर जैसी चीज जबकि दूसरे ने नारंगी रंग का कपड़ा बांध रखा था।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours