माघ मेला: शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद का जुलूस रोका, संगम तक नहीं जाने दिया

1 min read

माघ मेला: शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद का जुलूस रोका, संगम तक नहीं जाने दिया

मौनी अमावस्या स्नान के दौरान समर्थकों की पुलिस से नोक झोंक, प्रशासन ने बताया—भीड़ नियंत्रण के तहत कार्रवाई

ओजस्वी किरण ब्यूरो

प्रयागराज। माघ मेले के मौनी अमावस्या स्नान पर्व पर रविवार को संगम क्षेत्र में ज्योतिष पीठाधीश्वर शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के जुलूस को पुलिस ने आगे बढ़ने से रोक दिया। मेला प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के चलते जुलूस को संगम तट तक जाने की अनुमति नहीं दी गई थी।

प्रशासन के अनुसार, शंकराचार्य को केवल पांच सदस्यों के साथ संगम स्नान की अनुमति दी गई थी, जबकि जुलूस के साथ अधिक संख्या में समर्थक मौजूद थे। शंकराचार्य ने इस शर्त पर असहमति जताई और स्नान से इनकार कर दिया।

इस दौरान समर्थकों ने विरोध जताया, जिससे मौके पर हल्की धक्का-मुक्की और तनाव की स्थिति बन गई। हालांकि पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रण में कर लिया। किसी गंभीर चोट या बड़े नुकसान की कोई सूचना नहीं है।

अधिकारी मौके पर पहुंचे, बढ़ाई गई सुरक्षा

घटना की जानकारी मिलते ही मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल, पुलिस कमिश्नर जोगेंद्र कुमार और मेलाधिकारी ऋषिराज समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद संगम क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया और सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त किया गया।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अत्यधिक भीड़ के कारण किसी भी प्रकार के बड़े जुलूस को संगम तक ले जाने की अनुमति देना जोखिमपूर्ण था। वहीं, विवाद के बाद मेला क्षेत्र में व्यवस्था सामान्य बनी रही और श्रद्धालुओं का स्नान कार्यक्रम निर्बाध रूप से चलता रहा।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours