डॉक्टरों और उनके परिजनों ने खेलों में दिखाया दम,आईएमए-एएमए का वार्षिक खेलकूद आयोजित
ओजस्वी किरण ब्यूरों
प्रयागराज। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की स्थानीय शाखा और इलाहाबाद मेडिकल एसोसिएशन द्वारा वार्षिक खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। स्टेनली रोड स्थित परिसर में हुए इस आयोजन में बड़ी संख्या में चिकित्सकों और उनके परिवारजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। चिकित्सकों के बच्चों ने भी विभिन्न प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया।
इस प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों के लिए 50 मीटर, 100 मीटर और 200 मीटर दौड़ का आयोजन किया गया। पुरुष और महिला वर्ग के अलावा, सीनियर डॉक्टरों के लिए भी अलग-अलग स्पर्धाएं थीं। 35 से 55 वर्ष, 60 से 65 वर्ष और 75 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने भी पूरे जोश के साथ इसमें हिस्सा लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि और एसोसिएशन के पदाधिकारियों की उपस्थिति में हुआ। एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. अशोक कुमार मिश्रा ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि व्यस्त चिकित्सा जीवन में फिटनेस और खेल गतिविधियां अत्यंत आवश्यक हैं। स्पोर्ट्स सेक्रेटरी डॉ. अतुल कुमार दुबे के निर्देशन में सभी प्रतियोगिताएं सफलतापूर्वक संपन्न हुईं। महिला वर्ग में 50 और 100 मीटर दौड़ में रोमांचक प्रतिस्पर्धाएं देखने को मिलीं। विजेताओं को पदक और प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। वरिष्ठ डॉक्टरों की दौड़ विशेष आकर्षण का केंद्र रही, जिसमें 75 वर्ष से अधिक आयु के प्रतिभागियों ने भी अपनी सक्रियता से सभी को प्रेरित किया।
कार्यक्रम के समापन पर विजेताओं को सम्मानित किया गया। सभी प्रतिभागियों ने खेल भावना बनाए रखने का संकल्प लिया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य चिकित्सकों के बीच आपसी सौहार्द, स्वास्थ्य जागरूकता और टीम भावना को मजबूत करना था।

+ There are no comments
Add yours