एफआईआर दर्ज कराने पर आरोपियों ने किया पीड़ित पर हमला लाठी-डंडों से पीटा, कार में की तोड़फोड़, तीन हिरासत में

1 min read

एफआईआर दर्ज कराने पर आरोपियों ने किया पीड़ित पर हमला लाठी-डंडों से पीटा, कार में की तोड़फोड़, तीन हिरासत में

ओजस्वी किरण ब्यूरों

प्रयागराज। उतरांव थाना क्षेत्र के सौरा जलालपुर गांव में एफआईआर दर्ज कराने से नाराज दबंगों ने पीड़ित को रास्ते में रोककर मारपीट की और उसकी कार में तोड़फोड़ की। घटना के बाद सोशल मीडिया पर लाठी-डंडे से मारपीट और कार में तोड़फोड़ का एक वीडियो वायरल हो गया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रवि कुमार पांडेय ने 16 फरवरी को एक एफआईआर दर्ज कराई थी। इसके बाद 18 फरवरी को विवेचक को बुलाने पर जलालपुर जा रहे थे। वह कार से निकले। इसके बाद आरोपियों ने उन्हें रोक लिया। रास्ते में लाठी-डंडों से पिटाई शुरू करदी। उनकी कार में तोड़फोड़ कर दी। इस दौरान आरोपियों ने पीड़ित से 2 लाख 17 हजार रुपए, मोबाइल और गले की सोने की चेन लूट ली। पीड़ित को जान से मारने की धमकी भी दी गई।

मारपीट के दौरान रवि पांडेय, अंजनी कुमार पांडेय और संतोष कुमार पांडेय को गंभीर चोटें आईं। एक घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है। घटना का वीडियो भी सामने आया है। इसके बाद पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया। उतरांव थाना पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है और अन्य आरोपियों के खिलाफ जांच जारी है।

रवि ने तहरीर में अमन यादव, कमल यादव, राज प्रताप यादव उर्फ साधू यादव, जबर यादव, मुरली यादव, अमर यादव, फैज, मुकेश यादव उर्फ ठाकुर और अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

इस मामले में मारपीट में घायल एक मजदूर को प्राथमिक उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया था, जिसकी इलाज के पश्चात स्थिति सामान्य है। थाना उतरांव पुलिस ने तीन आरोपियों को पूछताछ हेतु हिरासत में लिया है। अन्य आरोपों से संबंधित थाना प्रभारी उतरांव को जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए हैं।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours