दस हजार रुपए घूस लेते एसडीओ खुसरोबाग गिरफ्तार,एंटी करप्शन टीम ने रंगेहाथ पकड़ा
ओजस्वी किरण ब्यूरों
प्रयागराज। एंटी करप्शन टीम ने विद्युत विभाग के खुसरोबाग पावर हाउस के एसडीओ को 10 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। एसडीओ ने मीटर सही कराने और जुर्माना बचाने को रिश्वत मांगी थी। जितेंद्र कुमार रुपए लेकर खुसरो बाग कार्यालय पहुंचा। उसने जैसे ही एसडीओ को रुपए दिए, एंटी करप्शन टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।
टीम ने संजीव श्रीवास्तव को कार्यालय से हिरासत में लिया और आगे की कार्रवाई के लिए खुल्दाबाद थाने ले गई। वहां एसडीओ से पूछताछ जारी है। टीम की ओर से आगे की कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। घटना बुधवार दोपहर की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार खुल्दाबाद के रहने वाले जितेंद्र कुमार ने 9 फरवरी को अपना बिजली कनेक्शन ठीक कराने की शिकायत की थी। इसके बाद एसडीओ संजीव श्रीवास्तव ने मीटर सही कराने और मुकदमे और जुर्माने से बचाने के लिए 10 हजार रुपए की मांग की। उस समय जितेंद्र ने कहा ठीक है। इसके बाद जितेंद्र ने एंटी करप्शन टीम प्रयागराज मंडल से शिकायत की। शिकायत के बाद एंटी करप्शन टीम की अंजलि यादव के नेतृत्व में 13 सदस्य टीम ने प्लानिंग की। 11 फरवरी को टीम खुसरो बाग पहुंची। यहां जैसे ही जितेंद्र कुमार ने एसडीओ को रुपए दिए वैसे एंटी करप्शन टीम ने पकड़ लिया।
संजीव कुमार श्रीवास्तव के खिलाफ एंटी करप्शन टीम थाना खुल्दाबाद कमिश्नरेट पर एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है। एसडीओ गाजीपुर के पीरनगर के रहने वाले हैं।

+ There are no comments
Add yours