वर्तमान वैश्विक परिदृश्य में छात्रों को आत्मनिर्भर बनाएं शैक्षिक संस्थान- राज्यपाल

1 min read

वर्तमान वैश्विक परिदृश्य में छात्रों को आत्मनिर्भर बनाएं शैक्षिक संस्थान- राज्यपाल

प्रो. राजेंद्र प्रसाद रज्जू भैया विश्वविद्यालय में नवनिर्मित शैक्षणिक सुविधाओं का किया लोकार्पण

ओजस्वी किरण ब्यूरों 

प्रयागराज। राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने शनिवार को प्रो. राजेंद्र प्रसाद रज्जू भैया विश्वविद्यालय में नवनिर्मित शैक्षणिक सुविधाओं का लोकार्पण किया। राज्यपाल ने कहा कि विश्वविद्यालय का मकसद छात्रों को सिर्फ डिग्रियां बांटना नहीं बल्कि उन्हें योग्य और आत्मनिर्भर बनाना है। कई दिनों से विश्वविद्यालय परिसर के बाहर चल रहे आंदोलन की तरफ इशारा करते हुए उन्होंने कहा कि अभिभावकों को विश्वविद्यालय पहुंचकर उन्हें अपने बच्चों की स्थिति का मूल्यांकन करना चाहिए। उन्होंने छात्रों से नशे से दूर रहते हुए अपने भविष्य पर ध्यान देना चाहिए।

राज्यपाल ने वर्तमान वैश्विक स्थिति का जिक्र करते हुए आत्मनिर्भर बनने की बात कही। आत्मनिर्भर होना आज की आवश्यकता है। विश्व में दूसरे देशों के बीच हो रहे युद्ध का असर हमारे घर की रसोई तक पड़ रहा है। देश की अर्थव्यवस्था प्रभावित कर रही है। हमारा व्यापार प्रभावित हो रहा है। ऐसे में हमें अब आत्मनिर्भर बनना पड़ेगा। कहा कि पीएम मोदी की दूरदर्शी नीति के चलते देश विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है।

आनंदी बेन ने कहा कि समस्या शुरू होने से पहले ही समाधान के बारे में सोचना चाहिए। आज भारत इतिहास रचने के उस मोड़ पर खड़ा है जहां हर नीति और निर्णय का प्रयास विश्व को एक नई दिशा देगा। उन्होंने विश्वविद्यालय के छात्रावास में रहने वाले छात्रों से साफ सफाई पर विशेष ध्यान देने और नशा से दूर रहने की सलाह दी। कहा कि भोजन की गुणवत्ता भी ठीक होनी चाहिए। कहा कि विश्वविद्यालय बच्चों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य करे, ताकि देश आत्मनिर्भर बन सके। 

छात्रों के आंदोलन पर दिखीं नाराज 

राज्यपाल ने कहा कि कुछ दिन पहले छात्र विश्वविद्यालय में आंदोलन कर रहे थे। अगर वह छात्र पढ़ाई करते तो आज यह नौबत सामने नहीं आती। उन्होंने छात्रों के अभिभावकों से भी कहा कि वह अपने बच्चों की स्थिति का मूल्यांकन करने के लिए विश्वविद्यालय और स्कूल आएं। यहां के लोगों से मिलकर जानकारी लें कि उनके बच्चों की शैक्षिक स्थिति का स्तर क्या है। जो छात्र नहीं पढ़ते हैं वही आंदोलन करते हैं। पढ़ने वाले छात्र आंदोलन नहीं प्रयोग करते हैं। कहा कि छात्रों के प्रदर्शन की जानकारी कुलपति ने मुझे दी थी। 

छात्रों को आत्मनिर्भर बनाना विवि का उद्देश्य

राज्यपाल का स्वागत करते हुए कुलपति प्रोफेसर अखिलेश कुमार सिंह ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। वीसी ने कहा कि हमारा लक्ष्य केवल डिग्री प्रदान करना नहीं, बल्कि ऐसे युवाओं को तैयार करना है जो किसानों के बीच जाकर उनके साथ काम करें। क़ृषि और फार्मेसी की कार्यशालाओं का उद्घाटन इसी उद्देश्य को लेकर किया जा रहा है। कुलसचिव प्रोफेसर विनीता यादव ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours