रेलवे लाइन पर मिली एमईएस ठेकेदार की लाश परिवारवालों ने हत्या की आशंका जताई, 17 साल पहले की थी दूसरी शादी

1 min read

रेलवे लाइन पर मिली एमईएस ठेकेदार की लाश परिवारवालों ने हत्या की आशंका जताई, 17 साल पहले की थी दूसरी शादी

ओजस्वी किरण संवाददाता

प्रयागराज। शिवकुटी थाना क्षेत्र में रविवार देर रात मिलिट्री इंजीनियरिंग सर्विस के ठेकेदार का शव रेलवे पटरी पर तीन टुकड़ों में कटा हुआ मिला। उनके भाइयों ने हत्या की आशंका जताई है। यह बात भी सामने आई है कि करीब तीन घंटे पहले वह घर से नाराज होकर निकले थे। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार राजीव मिश्रा (48) मूल रूप से प्रयागराज के ही बहरिया थाना क्षेत्र के सिकंदरा गांव के निवासी थे, जबकि वर्तमान में शिवकुटी के लाला की सराय इलाके में रह रहे थे। वह एमईएस में ठेकेदारी का काम करते थे। परिजनों के अनुसार राजीव मिश्रा रविवार शाम घर से निकले थे, लेकिन इसके बाद उनका कोई पता नहीं चला। करीब तीन घंटे बाद देर रात उनकी लाश रेलवे ट्रैक पर मिली। शव की हालत बेहद क्षत-विक्षत थी, जिससे घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। परिवार में उनकी पत्नी सविता मिश्रा है, जिनका मायका दारागंज में है। सविता उनकी दूसरी पत्नी हैं। पहली पत्नी की मौत वर्ष 2006 में हो गई थी, जिसके बाद उन्होंने 2009 में सविता से विवाह किया था। पहली पत्नी से उनके दो बेटे आकाश (23) और छोटू (19) हैं, जो वर्तमान में छत्तीसगढ़ के रायपुर में रहकर नौकरी कर रहे हैं।

परिवार में इस समय खुशियों का माहौल था। 20 अप्रैल को उनके बड़े बेटे के पुत्र का मुंडन संस्कार होना तय था। इस कार्यक्रम की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन उससे पहले ही यह घटना हो गई।

घटना के बाद परिजनों ने हत्या कर शव को रेलवे ट्रैक पर फेंके जाने की आशंका जताई है। उन्होंने मृतक की पत्नी और उसके भाई पर शक जताया है।

शिवकुटी थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह यादव का कहना है कि परिजन हत्या कर शव फेंके जाने का आरोप लगा रहे हैं। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours