पुलिस भर्ती के नाम पर ठग लिए 7 लाख रुपए, किसान ने खेत गिरवी रखकर दी रकम
ओजस्वी किरण ब्यूरों
प्रयागराज। मऊआइमा थाना क्षेत्र में पुलिस भर्ती के नाम पर एक किसान से 7 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने जालसाजी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मऊआइमा थाना क्षेत्र के ग्राम छाता निवासी श्यामलाल बिंद ने बताया कि उनका पुत्र राम मूरत प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है। वर्ष 2023 में एक परिवार ने उनके बेटे को पुलिस में भर्ती कराने का प्रलोभन दिया और आश्वासन दिया कि उसका चयन आसानी से हो जाएगा।
श्यामलाल बिंद के अनुसार, उन्होंने अपने बेटे को नौकरी दिलाने के लिए अपनी गरीबी के बावजूद अपना खेत गिरवी रखकर जालसाजों को 7 लाख रुपये दिए थे। जब उनके बेटे की पुलिस में भर्ती नहीं हुई, तो जालसाजों ने जल्द ही ज्वाइनिंग लेटर आने का बहाना बनाया। काफी समय बीत जाने पर जब श्यामलाल ने अपने पैसे वापस मांगे, तो उन्हें टालमटोल किया जाने लगा। उन्होंने आरोप लगाया कि 6 अगस्त 2025 को मऊआइमा थाने में शिकायत देने पर समझौता हुआ था कि पैसे वापस कर दिए जाएंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। पैसे मांगने पर उन्हें गालियां और जान से मारने की धमकी भी दी गई।
आखिरकार, थक-हारकर श्यामलाल ने पुलिस आयुक्त से लिखित शिकायत की। पुलिस आयुक्त के आदेश पर मऊआइमा पुलिस ने ग्राम देवगलपुर निवासी अनिल कुमार यादव और उसके अज्ञात परिजनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसीपी फूलपुर विवेक यादव ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।

+ There are no comments
Add yours