बेकरी कारोबारी की आत्महत्या मामले में दंपत्ति गिरफ्तार, भेजे गये जेल
अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी एवं ब्लैकमेल से आहत होकर की थी आत्महत्या, एक अन्य आरोपित की तलाश
ओजस्वी किरण ब्यूरों
प्रयागराज। ब्लैकमेल करने से बेकरी कारोबारी रईस अहमद अंसारी के करीब दस दिन पहले ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या के मामले में नया मोड़ सामने आया है। मृतक की पत्नी ने जेठ, जेठानी और देवर पर व्यवसाय पर कब्जा करने की साजिश के तहत प्राइवेट वीडियो बनाकर ब्लैकमेलिंग करने की वजह से आत्महत्या का आरोप लगाया है।
खुल्दाबाद पुलिस ने मंगलवार को आरोपी दंपती को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। उनके पास से वीडियो भी बरामद की गई है। वहीं, तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।
ज्ञात हो कि करेलाबाग निवासी रईश अहमद अंसारी ने तीन मार्च को चौफटका के पास ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी थी। मृतक की पत्नी नेदा रईह ने खुल्दाबाद थाने में सोमवार को जेठ नफीस अहमद, जेठानी हुमा नफीस और देवर अनीस अंसारी के खिलाफ बीएनएस की धारा 108 के तहत नामजद मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप लगाया कि परिवार की बेकरी का कारोबार है। ससुर इदरीश अंसारी ने रईस की मेहनत व ईमानदारी को देखते हुए कारोबार की जिम्मेदारी सौंप दी थी। ससुर के निधन के बाद जेठ, जेठानी व देवर कारोबार पर कब्जा जमाने की नीयत से रईस के बेडरूम में गुप्त कैमरा लगाकर पति-पत्नी का वीडियो रिकॉर्ड कर ब्लैकमेलिंग करने लगे।
आरोप है कि रुपये की मांग पूरी नहीं होने पर वायरल करने की धमकी दी। इससे तंग आकर रईश अहमद ने आत्महत्या कर ली थी। खुल्दाबाद थाना प्रभारी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि नामजद आरोपी नफीस अंसारी व हुमा नफीस को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। फरार आरोपी अनीस अंसारी की तलाश जारी है।

+ There are no comments
Add yours