मील्स ऑन व्हील्स रेस्टोरेंट में लगी आग,योगा सेंटर में फंसीं महिलाएं, एक छात्रा झुलसी
ओजस्वी किरण ब्यूरों
प्रयागराज। सिविल लाइंस इलाके में स्थित मील्स ऑन व्हील्स रेस्टोरेंट में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग की लपटों ने विकराल रूप ले लिया और बगल में बने योगा सेंटर तक पहुंच गईं।
बताया जाता है कि रेस्टोरेंट के पास ही ऊपर जाने के लिए सीढ़ियां थीं, जो योगा सेंटर का रास्ता थीं। आग फैलने के कारण यह रास्ता धुएं और लपटों से घिर गया, जिससे योगा क्लास में मौजूद करीब 20 महिलाएं अंदर ही फंस गईं। योगा सेंटर में धुआं भर जाने से स्थिति और गंभीर हो गई। मौके पर मौजूद लोगों और स्थानीय लोगों की मदद से बड़ी मशक्कत के बाद सभी महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस दौरान एक छात्रा का हाथ झुलस गया। घायल छात्रा ने बताया कि शुरुआत में हल्का धुआं लग रहा था, लेकिन बाद में आग बढ़ने पर बाहर निकलने का रास्ता बंद हो गया। किसी तरह लोगों की मदद से उन्हें बाहर निकाला गया। उन्होंने इसे बेहद डरावना अनुभव बताया।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई, हालांकि रेस्टोरेंट का कुछ सामान जलकर खाक हो गया।
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। समय रहते आग पर काबू पा लेने से एक बड़ा हादसा टल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दो रेस्टोरेंट पास-पास हैं और आग की लपटें तेजी से फैलते हुए सीढ़ियों तक पहुंच गई थीं, जिससे ऊपर जाने का रास्ता बंद हो गया था।

+ There are no comments
Add yours