चोरी के आरोप में युवक की बीच सड़क में पिटाई लात-घूसे मारे, युवक छोड़ने को गिड़गिड़ाता रहा
ओजस्वी किरण ब्यूरों
प्रयागराज। करेली थाना क्षेत्र में एक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट का वीडियो सामने आया है। घटना रंगोली पैलेस के पास की बताई जा रही है, जहां कुछ युवकों ने एक युवक पर चोरी का आरोप लगाकर उसे बीच सड़क पर गिरा-गिराकर पीटा।
पीड़ित युवक की पहचान फैजान खान के रूप में हुई है। फैजान ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि हन्नान, मुशाहिद और उनके भाइयों ने उस पर झूठा चोरी का आरोप लगाया और फिर सरेआम उसके साथ मारपीट की। पीड़ित के मुताबिक, आरोपियों ने उसे सड़क पर पटक-पटक कर पीटा और उसके साथ अभद्रता भी की।
बताया जा रहा है कि मारपीट के दौरान फैज़ान बार-बार रहम की गुहार लगाता रहा, लेकिन आरोपी युवकों ने उसकी एक न सुनी और लगातार उसे पीटते रहे। आसपास मौजूद लोगों में से किसी ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया। अब पुलिस भी हरकत में आ गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए करेली थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी तरह की गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं, इस घटना के सामने आने के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

+ There are no comments
Add yours