डायल 112 पर तैनात सिपाही की संदिग्ध मौत,हंडिया में रेलवे ट्रैक किनारे मिला शव
ओजस्वी किरण संवाददाता
प्रयागराज। हंडिया थाना क्षेत्र में डायल 112 पर तैनात सिपाही अमर नाथ यादव (42) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनका शव शनिवार भोर में करीब 4 बजे हंडिया ओवरब्रिज के समीप रेलवे ट्रैक के किनारे बरामद हुआ। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अमर नाथ यादव मूल रूप से गाजीपुर जिले के साजियाबाद थाना क्षेत्र के सिंहनाथ चुरामनपुर गांव के निवासी थे। वह 2006 बैच के हेड कांस्टेबल थे और वर्तमान में हंडिया थाने में डायल 112 पर कार्यरत थे। उनके परिवार में पत्नी संगीता देवी, दो वर्ष की बेटी काजल और बड़े भाई राम विलास यादव (सेवानिवृत्त फौजी) शामिल हैं।
परिजनों के अनुसार अमर नाथ यादव शुक्रवार शाम करीब 7 बजे ड्यूटी के लिए कमरे से निकले थे, लेकिन वह डायल 112 पर नहीं पहुंचे। कई बार फोन करने पर भी उनसे संपर्क नहीं हो सका। इसके बाद पुलिस ने सर्विलांस की मदद से उनकी लोकेशन ट्रेस की, जो रेलवे ट्रैक के पास मिली। मौके पर पहुंचने पर उनकी मोटरसाइकिल चाबी लगी हालत में खड़ी मिली और कुछ दूरी पर उनका शव पड़ा था। शव के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं।
मृतक के बड़े भाई ने घटना को लेकर लिखित तहरीर दी है। डीसीपी गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की।
एसीपी हंडिया शेषधर पांडे ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला दुर्घटना से जुड़ा हुआ प्रतीत होता है। मृतक के बड़े भाई ने भी लिखित रूप से एक्सीडेंट की तहरीर दी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है, जिसमें सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस टीम की मदद भी ली जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

+ There are no comments
Add yours