आक्रोशित सैकड़ों ग्रामीणों ने रिंग रोड का काम बंद कराया, धरने पर बैठे
अंडरपास की मांग करते हुए घंटों किया हंगामा
दर्जनों गांवों के मुख्य मार्ग को पाटकर निकाली जा रही रिंग रोड
कमिश्नर और एनएचआई के पीडी से भी लगा चुके हैं गुहार
ओजस्वी किरण ब्यूरो प्रयागराज
हनुमानगंज। फूलपुर तहसील क्षेत्र के रामापुर गांव में सैकड़ों ग्रामीणों ने निर्माणाधीन रिंग रोड पर जमकर हंगामा काटा। दर्जनों गांवों का रास्ता बंद होने से वे आक्रोशित थे। आवागमन की बहाली के लिए वे अंडरपास बनाए जाने की मांग कर रहे थे। वे मंडलायुक्त और एनएचआई के परियोजना निदेशक से भी अंडरपास के लिए गुहार लगा चुके हैं। रविवार को ग्रामीणों का सब्र टूट गया और वे तपती दुपहरी में विरोध प्रदर्शन करते हुए दर्जनों महिलाओं के साथ रिंग रोड पर धरने पर बैठ गए।
जीटी रोड सरायइनायत से लिंक एक वर्षों पुरानी पीडब्ल्यूडी की सड़क रामापुर, लोदीपुर, सरायशंकर, हबीबपुर, अमरसापुर, भोजपुर, बरियारी, चक जोहरा समेत दर्जनों गांवों के लिए आवागमन का मुख्य मार्ग है। इसे पाटकर रिंग रोड का निर्माण किया जा रहा है। सदस्य जिला पंचायत राम प्रताप यादव के नेतृत्व में दर्जनों ग्रामीणों ने 13 अप्रैल को राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के परियोजना निदेशक तथा 16 अप्रैल को मंडलायुक्त से मिलकर अंडरपास के लिए गुहार लगाई थी। एसडीएम फूलपुर स्थलीय निरीक्षण के समय अंडरपास बनाए जाने का अश्वासन भी दिया था। किंतु इसके बावजूद रिंग रोड बनाने वाली कंपनी अंडरपास बनाने की दिशा में एक कदम भी आगे नही बढ़ाया। रविवार को दर्जनों महिलाओं के साथ दर्जनभर गांवों के ग्रामीणों ने मौके पर हंगामा कर दिया। वे कंपनी की गाड़ियों को रोक दिया। ग्रामीणों का आक्रोश देख काम कर रहे कर्मचारी भी सरक गए। आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने सरायइनायत पुलिस पहुंची। किंतु किसी जिम्मेदार अधिकारी को मौके पर नही पहुंचने से वह भी वापस लौट गई। उमा देवी, बबीता, मुन्नी देवी, प्रतिमा, अनारो, अरविंद यादव, राजीव यादव, नीरज पासी, रामबाबू यादव, गणेश केसरवानी, राकेश, लल्ला, विनोद माली, सूरज यादव, योगेंद्र सिंह, राजकुमार गुप्ता, अखिलेश यादव, विष्णु दुबे, त्र्यंबकनाथ सहित सैकड़ो ग्रामीण तपती दुपहरी में घंटों धरना पर बैठे रहे।

+ There are no comments
Add yours