काल्विन अस्पताल के डॉक्टरों ने महिला के पेट से निकाली फुटबॉल के आकार की ओवेरियन सिस्ट, मिला नया जीवन

1 min read

काल्विन अस्पताल के डॉक्टरों ने महिला के पेट से निकाली फुटबॉल के आकार की ओवेरियन सिस्ट, मिला नया जीवन

चार वर्षों से पेट में सूजन, भारीपन व दर्द से थी महिला परेशान 

डॉ इलाक्षी शुक्ला, उप-संपादक

प्रयागराज स्थित मोतीलाल नेहरू मंडलीय चिकित्सालय (काल्विन अस्पताल) में वरिष्ठ सर्जन डॉ. अजय सक्सेना के नेतृत्व में चिकित्सकों की टीम ने एक 40 वर्षीय महिला के पेट से फुटबॉल के आकार की ओवेरियन सिस्ट (अंडाशय की गांठ) को सफलतापूर्वक निकालकर उसे नया जीवन दिया।

कौशांबी जनपद की रहने वाली अनुपा देवी पिछले चार वर्षों से पेट में लगातार सूजन, भारीपन और दर्द की समस्या से जूझ रही थीं। कई बार इलाज के बावजूद समस्या ठीक नहीं हो रही थी। हाल ही में जब उनकी स्थिति अधिक गंभीर हुई, तो वे काल्विन अस्पताल पहुंचीं।

जांच में सामने आई गंभीर स्थिति

डॉ. अजय सक्सेना ने बताया कि शारीरिक परीक्षण के दौरान पेट में बड़ी गांठ महसूस हुई। इसके बाद तुरंत अल्ट्रासाउंड और सीटी स्कैन कराया गया। जांच में ओवेरियन सिस्ट और मिसेंट्रिक सिस्ट की साइज लगभग 20×35 सेंटीमीटर पाई गई, जो अन्य अंगों पर दबाव डाल रही थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल ऑपरेशन का निर्णय लिया गया।

35 मिनट में सफल ऑपरेशन

डॉ. सक्सेना के नेतृत्व में डॉ. मुरारी मोहन एवं एनेस्थेटिस्ट डॉ. के.के. पांडे की टीम ने मात्र 35 मिनट में सफल लैप्रोटॉमी ऑपरेशन कर विशाल सिस्ट को सुरक्षित रूप से निकाल लिया।

ऑपरेशन के बाद मरीज की स्थिति तेजी से सुधर रही है और वह पूरी तरह स्वस्थ है। जल्द ही उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी।

बायोप्सी की जांच जारी

डॉ. सक्सेना ने बताया कि निकाली गई सिस्ट को बायोप्सी जांच के लिए भेजा गया है। प्राथमिक रिपोर्ट में इसके गैर-कैंसरकारी (Benign) होने की संभावना जताई गई है।

महिलाओं को दी अहम सलाह

डॉ. सक्सेना ने कहा कि ऐसी गांठें अक्सर हार्मोनल असंतुलन के कारण धीरे-धीरे विकसित होती हैं। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि पेट में लगातार सूजन, दर्द, भारीपन या असामान्य लक्षणों को नजरअंदाज न करें और समय रहते विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श लें।

समय पर जांच और इलाज से गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours