श्री हरि धाम गोठी में दर्शनार्थियों के वाहन पर हमला
दर्शन करने आए थे श्रद्धालु, शिकायत बाद भी पुलिस ने कार्रवाई नहीं की
ओजस्वी किरण संवाददाता
प्रयागराज। कौंधियारा थाना क्षेत्र अंतर्गत गोठी बेलसारा स्थित श्री हरी धाम में दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं के साथ अभद्रता और मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना को लेकर भक्तों और स्थानीय लोगों में काफी नाराजगी देखी जा रही है।
आरोप है कि मंदिर परिसर के आसपास रहने वाले एक व्यक्ति द्वारा लगातार श्रद्धालुओं को परेशान किया जा रहा है, लेकिन शिकायतों के बावजूद पुलिस स्तर पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
जानकारी के अनुसार गोठी बेलसारा में स्थित श्री हरी धाम सनातन सेवा ट्रस्ट एवं निरंजनी अखाड़े के महामंडलेश्वर स्वामी विनयानन्द गिरी जी महाराज के संरक्षण में संचालित श्री हरि विष्णु दरबार में प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु पूजा-अर्चना और दर्शन के लिए पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं का कहना है कि मंदिर में धार्मिक कार्यक्रमों के दौरान भी कई बार विवाद की स्थिति उत्पन्न की जाती रही है।
भक्तों द्वारा आरोप लगाया गया है कि पड़ोस में रहने वाले कृष्णा राम विश्वकर्मा उर्फ कल्लू विश्वकर्मा द्वारा आए दिन दर्शनार्थियों के साथ अभद्र व्यवहार किया जाता है। इतना ही नहीं, श्रद्धालुओं की गाड़ियों में तोड़फोड़ करने, महिलाओं के साथ बदसलूकी करने तथा गाली-गलौज करने जैसे आरोप भी लगाए गए हैं।
बताया जा रहा है कि इस संबंध में कई बार कौंधियारा थाने में शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। बताया गया कि बीते बृहस्पतिवार को भी एक मोटरसाइकिल में तोड़फोड़ की घटना हुई, जिसका वीडियो कथित रूप से सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। वीडियो वायरल होने के बाद भक्तों में और अधिक आक्रोश फैल गया है।
महामंडलेश्वर स्वामी विनयानन्द गिरी महाराज से जुड़े लोगों का आरोप है कि उन्हें भी लगातार धमकियां दी जा रही हैं। आरोप यह भी है कि संबंधित व्यक्ति और उसके परिवार के सदस्य मंदिर प्रबंधन के खिलाफ अपशब्दों का प्रयोग करते हैं और आए दिन विवाद खड़ा करते रहते हैं। भक्तों का कहना है कि मंदिर में आने वाले श्रद्धालु अब भय के माहौल में दर्शन करने को मजबूर हैं।

+ There are no comments
Add yours