पड़िला मंदिर में निशान में शामिल महिलाओं से मारपीट, तीन घायल
ओजस्वी किरण संवाददाता
प्रयागराज। थरवई थाना क्षेत्र स्थित पाण्डेश्वर महादेव मंदिर पड़िला में आज दोपहर करीब तीन बजे एक मंदिर परिसर में निशान चढ़ाने आई महिलाओं और एक गन्ना जूस विक्रेता के बीच मारपीट हो गई। इस घटना में तीन लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मौहरिया गांव निवासी रामधन यादव अपने परिवार और साथियों के साथ पाण्डेश्वर नाथ धाम मंदिर, पड़िला में निशान चढ़ाने आए थे। उनके परिवार की एक विवाहिता भी इस निशान में शामिल होने शंडलपुर ढोकरी, फूलपुर से आई थी। इसी दौरान जूस पीने को लेकर जूस विक्रेता और उस महिला के बीच कहासुनी हो गई।
विवाद बढ़ने पर जूस विक्रेता और उसके साथियों ने लाठी-डंडों से हमला कर महिलाओं और निशान में शामिल अन्य लोगों की पिटाई कर दी। इस मारपीट में तीन लोग घायल हो गए। आरोप है कि मारपीट का वीडियो बना रही एक महिला का मोबाइल और गले का लॉकेट भी छीन लिया गया।
मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला। घटना की सूचना मिलते ही सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) थरवई, अरुण कुमार पाराशर पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मारपीट के आरोप में कुछ युवकों को हिरासत में लिया है। एसीपी अरुण कुमार पाराशर ने बताया कि पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है और जांच-पड़ताल की जा रही है। पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है।

+ There are no comments
Add yours