रंगपर्व पर नई पहल: लोकनाथ व्यायामशाला में महिलाओं का हुड़दंग, पुरुषों की एंट्री पर रही ‘नो एंट्री’
ओजस्वी किरण ब्यूरो
प्रयागराज। संगम नगरी में परंपराओं के साथ आधुनिक बदलाव की नई बयार देखने को मिली। अब तक रंग पर्व के तीसरे दिन ठठेरी बाजार में ही होली खेलने की रवायत थी, लेकिन इस बार ‘आधी आबादी’ के लिए एक बेहद खास आयोजन किया गया। श्री लोकनाथ मिलन संघ द्वारा लोकनाथ व्यायामशाला परिसर में विशेष रूप से महिलाओं और लड़कियों के लिए होली उत्सव आयोजित किया गया, जहाँ पुरुषों का प्रवेश पूरी तरह वर्जित रहा।
संघ के संरक्षक रवींद्र पांडेय और अध्यक्ष निखिल पांडेय के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में सुबह 11 से दोपहर 1 बजे तक महिलाओं ने जमकर गुलाल उड़ाया। आयोजकों ने जहाँ प्राकृतिक रंगों की व्यवस्था की थी, वहीं उत्साह में डूबी महिलाएं खुद भी रंग लेकर पहुँची थीं। दो घंटे तक चले इस उत्सव में होली के गीतों पर महिलाओं ने जमकर नृत्य किया और एक-दूसरे को रंग-अबीर लगाकर पर्व की बधाई दी।
इस आयोजन का वीडियो सोशल मीडिया पर भी खूब वायरल हुआ, जिसमें हर चेहरा उल्लास से सराबोर दिखा। महिलाओं ने इस नई परंपरा का स्वागत करते हुए सुरक्षित और स्वतंत्र माहौल में होली खेलने का अवसर देने के लिए आयोजकों का आभार व्यक्त किया।

+ There are no comments
Add yours