विश्व शांति के लिए श्रीमठ बाघंबरी गद्दी में पांच दिवसीय अनुष्ठान शुरू, युद्ध और अशांति से मुक्ति की प्रार्थना
ओजस्वी किरण ब्यूरों
संगम नगरी प्रयागराज में विश्व कल्याण और शांति की कामना के साथ एक विशेष आध्यात्मिक पहल की गई है। बाघम्बरी मठ के महंत बलवीर गिरि महाराज ने शुक्रवार को पांच दिवसीय भव्य अनुष्ठान का शुभारंभ किया। इस अनुष्ठान का मुख्य उद्देश्य वैश्विक स्तर पर व्याप्त अशांति और युद्ध की विभीषिका को शांत कर मानवता का कल्याण करना है।
अनुष्ठान की शुरुआत शुक्रवार को ‘श्री बड़े हनुमान मंदिर’ में उत्तर और दक्षिण भारत के विद्वान ब्राह्मणों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुई। महंत बलवीर गिरि ने अष्टद्रव्य गणपति हवन और पूजन किया, जिसमें बढ़ी मात्रा में मोदक, शुद्ध घी और औषधियों की आहुतियां दी गईं।
इस मौके पर महंत बलवीर गिरि महाराज ने बताया कि पांच दिवसीय विशेष अनुष्ठान प्रथम दो दिन लेटे श्री बड़े हनुमान मंदिर में,अगले दो दिन श्रीमठ बाघंबरी गद्दी परिसर में एवं अंतिम दिवस नैमिषारण्य (सीतापुर) की पावन धरती पर समापन।
विशेष तांत्रिक और वैदिक पूजन
अनुष्ठान के दौरान आध्यात्मिक शुद्धि और सुरक्षा के लिए कई महत्वपूर्ण धार्मिक कर्मकांड किए जा रहे हैं। इसमें शुलीनी दुर्गे यंत्र पूजन, रुद्र हवन, तक्षक यंत्र पूजन, महासुदर्शन यंत्र पूजन और हनुमान मूल मंत्र हवन के साथ कलश स्थापना व अभिषेक संपन्न कराया गया।
विश्व शांति का संदेश
उन्होंने बताया कि वर्तमान में दुनिया के कई देश युद्ध और अस्थिरता का सामना कर रहे हैं। ऐसे संकटपूर्ण समय में भारत की सनातन परंपरा हमेशा ‘वसुधैव कुटुंबकम’ और शांति की बात करती है। उन्होंने हनुमान और गणपति से प्रार्थना की कि विश्व में शांति स्थापित हो और सभी भक्तों का कल्याण हो।

+ There are no comments
Add yours