अंबेडकर जयंती पर सेवा भारती के महाअभियान में जुड़ेंगे एसआरएन के डाक्टर,वंचित बस्तियों में देंगे सेवा
बाबा साहब की जयंती पर शहर के १७० जगहों पर लगाये जायेंगे निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर
ओजस्वी किरण ब्यूरों
प्रयागराज। संविधान निर्माता डा. भीमराव अंबेडकर के जन्मदिवस के अवसर पर सेवा भारती समिति प्रयागराज की ओर से मंगलवार १४ अप्रैल को विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार शिविर का आयोजन किया जा रहा है। आरएसएस के स्वास्थ्य सेवा से संबद्ध सेवा भारती समिति की ओर से शहर के विभिन्न वंचित एवं सेवा से दूर बस्तियों में विशेष रूप से यह अभियान चलाया जायेगा। अभियान के अंतर्गत, राजरुपपुर, अल्लापुर, दारागंज, तेलियरगंज, कीटगंज, पुराने यमुना पुल क्षेत्र, नैनी सहित अन्य १७० जगहों की बस्तियों को चिन्हित किया गया है और लगभग १५ हजार नागरिकों का स्वास्थ्य का परीक्षण, आवश्यक जांचे एवं प्रारंभिक उपचार किया जायेगा। शनिवार को प्रेस वार्ता के दौरान सेवा भारती के स्थानीय अध्यक्ष सुजीत सिंह ने बताया कि बाबा साहब ने समाज के अंतिम व्यक्ति तक समान अवसर एवं सम्मान पहुंचाने का जो मार्ग दिखाया, सेवा भारती उसी भाव से कार्य कर रही है। समिति के मंत्री एवं मोतीलाल नेहरू मेडिकल कालेज सर्जरी विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डा. संतोष सिंह ने बताया कि विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम की ओर से जांच, परामर्श एवं आवश्यक दवाइयों की व्यवस्था की जायेगी। उन्होंने बताया कि अभियान को मजबूती देने के लिए एसआरएन अस्पताल के बड़ी संख्या में मेडिकल स्टूडेंट भी अपनी सेवाएं देंगे। जांच में अगर किसी मरीज की समस्या गंभीर पायी जाती है तो उसे बेहतर इलाज के लिए एसआरएन, बेली, काल्विन अस्पताल पहुंचाया जायेगा। सेवा प्रमुख वीर कृष्ण एवं महामंत्री अधिवक्ता पवन श्रीवास्तव ने बताया कि हमारा उद्देश्य केवल उपचार तक सीमित नहीं है। बल्कि समाज को स्वास्थ्य के प्रति जागरुक एवं सजग बनाना भी है।

+ There are no comments
Add yours