वर्चस्व को लेकर धुंआधार फायरिंग, ग्रामीणों में दहशत
ओजस्वी किरण संवाददाता
प्रयागराज। करछना थाना क्षेत्र में शनिवार आधी रात वर्चस्व की अदावत में ताबड़तोड़ फायरिंग हुई। इससे दो चार पहिया वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। गोलियाें की आवाज से ग्रामीणों में सनसनी फैल गई। घटना का पता चलने पर रविवार सुबह करछना पुलिस मौके पर पहुंची और पूछताछ करते हुए दो संदिग्ध युवकों को दबोच लिया।
बताया जाता है कि करछना के कुलमई गांव में शनिवार रात कुछ लोग अलग-अलग वाहन से मिट्टी गिरवा रहे थे। इसी दौरान उनके बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। झगड़ा बढ़ने पर एक पक्ष धमकी देते हुए चला गया। थोड़ी देर में वह वापस लौटा और फिर फायरिंग कर दी। इससे स्थानीय लोगों में सनसनी फैल गई। कुछ देर बाद दूसरे पक्ष ने भी फायरिंग की। हालांकि बाद में दोनों पक्ष वहां से भाग निकले।
रविवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर एसीपी और इंस्पेक्टर करछना ने गांव पहुंचकर छानबीन की। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि शनिवार आधी रात मिट्टी गिराने को लेकर दो पक्षों में विवाद और फायरिंग हुई थी। जब क्षतिग्रस्त कार मालिक के बारे में पूछा गया तो वह घर पर नहीं मिला। तब पुलिस ने दो संदिग्ध युवकों को पूछताछ के लिए उठा लिया। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर जांच की जा रही है।

+ There are no comments
Add yours